शहर में छाया भक्ति का रंग, जागरण में उमड़े हजारों भक्त

श्री हनुमान मंदिर प्रबंधक कमेटी, कटेहरा चौक फगवाड़ा द्वारा 41वाँ मूर्ति स्थापना दिवस महोत्सव अत्यंत धूमधाम, भक्तिभाव और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। रात्रि 8 बजे आयोजित माँ भगवती जागरण का शुभारंभ शहर के मेयर रामपाल उप्पल तथा समाजसेवी अमित पुरी के परिवार द्वारा ज्योति पूजन , कंजक पूजन एवम् ध्वजारोहण की रसम कर किया गया। शुभारंभ के साथ ही पूरा वातावरण मां भगवती के जयकारों से गूंज उठा। जागरण के प्रथम चरण में प्रसिद्ध भजन गायक विक्की ढींगरा एंड पार्टी ने मां भगवती, हनुमान जी तथा अन्य देवी–देवताओं के मधुर वाणी वाले भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। रात्रि के दूसरे पहर में पंजाब के सुप्रसिद्ध भजन गायक “मां के लाल” मनी लाडला जी ने स्टेज संभाला। उनकी सुरीली आवाज़ और लोकप्रिय जागरण भजनों—‘माये मेरा दिल करदा, मैनूं लाड लड़ाया चिंतापूर्णी ने चरना विच लाया चिंतापूर्णी ने, मेरा किसे ना पूछिये हाल माँ मैनु ला चरना दे नाल माँ’ ने पूरे जागरण में एक ऐसी आध्यात्मिक ऊर्जा पैदा कर दी कि पूरा पंडाल भावुक व झूम उठा। उनके भजनों की गूंज देर रात तक पूरे क्षेत्र में सुनाई देती रही।जागरण कार्यक्रम का सबसे पवित्र और भावनात्मक क्षण वह रहा, जब माता चिंतपूर्णी की पिंडी का दिव्य स्वरूप भक्तों के दर्शन के लिए सजाया गया। इसके साथ ही चिंतपूर्णी धाम से विशेष रूप से लाई गई पवित्र ज्योति ने इस आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक बढ़ा दिया। भक्तों ने पिंडी और ज्योति के दर्शन करते हुए मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। दूर-दराज़ से आए श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई चुनरी, फूलों की मालाएँ, फल-फ्रूट और मिठाइयाँ पूरे आयोजन की शोभा को और बढ़ाती रहीं। परिसर में उपस्थित भक्तों की भीड़ देर रात तक लगातार बढ़ती रही। मंदिर परिसर को इस विशेष पर्व के लिए पहले ही दिन से उत्सव स्थल का रूप दे दिया गया था। विशाल भवन के भीतर विराजमान मां भगवती के दरबार को अत्यंत मनमोहक एवं भव्य फूल बंगले से सजाया गया, जिसकी सुगंध और कलात्मकता श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करती रही। इसके अलावा पूरे परिसर में की गई रंग–बिरंगी विद्युत सजावट एक अलग ही छटा बिखेर रही थी। भीड़ में शामिल हर भक्त के चेहरे पर उल्लास, आस्था और भक्ति का अनोखा संगम दृष्टिगोचर हो रहा था।मां भगवती के जयकारों से गूंज रहे इस दिव्य स्थल पर रात भर भक्ति, आस्था और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। जागरण के साथ ही भक्तों के लिए विशाल भंडारा भी लगाया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में भक्तों की लंबी कतारें देर रात तक लगी रहीं । कमेटी चेयरमैन अरुण खोसला ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 नवंबर (मंगलवार) प्रातः 5 बजे प्रभात फेरी मंदिर प्रांगण से आरंभ होगी। यह प्रभात फेरी नगर के प्रमुख बाज़ारों से होती हुई पुनः मंदिर में पहुंचकर संकीर्तन के साथ सम्पन्न होगी। इसी दिन पार्षद पदम देव सुधीर, हरी देव सुधीर और कपिल देव सुधीर के परिवार द्वारा ध्वजारोहण की रस्म अदा की जाएगी, जो मंदिर परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। श्री सुंदरकांड पाठ संध्या 7:30 बजे बालाजी भक्त हैप्पी सिंगला के सानिध्य में आयोजन होगा। पूरे आयोजन में अनेक गणमान्य नागरिक और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से— अध्यक्ष ईशू वधावन, रोहित जैन,पूर्व केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश कैंथ एवं अनिता सोमप्रकाश,बलवंत बिल्लू, अर्जुन सुधीर, बीजेपी नेता नितिन चड्ढा , यशु खोसला , डॉ अनिल ओहरी , दीपक खोसला,सुरिंदर शिंगारी, गौरव शर्मा, रमन नेहरा, कनव सूद,आरती ठाकुर, मधु भूषण कालिया, पृथ्वी चंद, गुरदीप कांग, राजन अरोड़ा,राघव उप्पल, मुनीश उप्पल, महिला संकीर्तन मंडली की अध्यक्ष सविता सूद,कांता रानी, निधि शर्मा, कामिनी शर्मा, सुनीता शर्मा, ललिता सूद, हरबंस लाल, महिंदर कौर , ऋषि कलुचा, नमन बसरा साहिल, रोमी, सहित शहर के अनेक श्रद्धालु शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *